
जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि के साथ भारत के खाते में प्रतियोगिता का पांचवां स्वर्ण पदक आया।फाइनल मुकाबले में नीरू ने 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए और नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड कायम किया। चीन की सुन युनगोंग ने 26 हिट के साथ रजत, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 हिट के साथ कांस्य पदक जीता।
75 साल के इतिहास में पहली भारतीय महिला
नीरू की जीत इसलिए भी खास है क्योंकि एशियन गेम्स के इतिहास में इससे पहले किसी भारतीय महिला ने व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक नहीं जीता था। 1978 में रणधीर सिंह ने पुरुषों की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड जीता था। इसके बाद व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में भारत को स्वर्ण के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।नीरू ने इस प्रतियोगिता में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। क्वालीफिकेशन में उन्होंने 118 का स्कोर किया और शीर्ष स्थान पर रहीं। इससे पहले वह महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में आशिमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ भारत को रजत पदक भी दिला चुकी हैं।
वर्ल्ड कप में भी रचा था इतिहास
नीरू ढांडा के लिए 2026 बेहद सफल रहा है। जुलाई में इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में उन्होंने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाया था। वह इस स्पर्धा में ISSF वर्ल्ड कप का व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं।एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर नीरू ने अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाया है और भारतीय शूटिंग के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।
भारत के खाते में 5वां गोल्ड
नीरू का स्वर्ण पदक 2026 एशियन गेम्स में भारत का पांचवां गोल्ड है। उनके इस प्रदर्शन के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 47 पहुंच गई, जिसमें 5 स्वर्ण, 21 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल हैं।






