
जन एक्सप्रेस /नानकमत्ता :- कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने नानकमत्ता कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सोमवार को स्थानीय पत्रकारों के साथ बैठक की और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा की।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार प्रयास करेगी।
उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र में होने वाली घटनाओं, जनसमस्याओं और अपराध से संबंधित सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से आम लोगों की समस्याओं को सामने लाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी। बैठक में क्षेत्र के स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।






