धर्मबाबा मंदिर से 150 किलो पीतल के घंटे चोरी, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/ हरदोई :- बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बेलहइया गांव स्थित प्रसिद्ध धर्मबाबा मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 150 किलो वजन के पीतल के घंटे चोरी कर लिए। बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने मंदिर में बंधे घंटे गायब देखे तो हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, बेलहइया गांव स्थित धर्मबाबा मंदिर में काफी समय से पीतल के कई घंटे बंधे हुए थे। इन सभी घंटों का कुल वजन करीब 150 किलो बताया जा रहा है। मंगलवार की रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में पहुंचे और वहां बंधे पीतल के घंटों को चोरी कर फरार हो गए। सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों की नजर जब घंटों के गायब होने पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बेनीगंज कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में चोरों के संबंध में सुराग जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में चोरी की घटना से उनमें नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरी किए गए पीतल के घंटों को बरामद करने तथा वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।






