
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी/लंबगांव :– श्रीफूल सिंह बिष्ट महाविद्यालय नौगर लंबगांव में सोमवार को शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति एवं संस्कार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राज्य आंदोलनकारी एवं नशा मुक्त भारत अभियान के सदस्य देवी सिंह पंवार ने किया।
छात्र-छात्राओं को शराब, गांजा, बीड़ी, सिगरेट के साथ-साथ जंक फूड चाऊमीन, मोमो, मैगी, पिज्जा, बर्गर के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। कहा गया कि जन्म से मरण तक के सभी 16 संस्कारों का जीवन में बड़ा महत्व है।
इस अवसर पर बड़ी घोषणा की गई कि 4 अक्टूबर से लंबगांव में शांतिकुंज हरिद्वार का प्रज्ञा मंडल केंद्र स्थापित हो रहा है। अब क्षेत्र के सभी मांगलिक संस्कार यहीं से निशुल्क संचालित होंगे, लोगों को हरिद्वार जाने की जरूरत नहीं होगी।
शिवांकांत त्रिपाठी ने बच्चों को संकल्प दिलाया कि आज से गलत नशा नहीं करेंगे, नशा लेना है तो शिक्षा और दीक्षा का लेंगे। कार्यक्रम में ओम प्रकाश, रामदेव कलूड़ा, सुनील दत्त शर्मा ने संबोधित किया। संचालन डॉ. भरत सिंह राणा और अध्यक्षता डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने की। धनेश प्रसाद उनियाल, कुमार मंगलम, डॉ. विजय राणा, प्रदीप रावत सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






