फतेहपुर शहर के रिहायशी इलाके में जलभराव से लोग परेशान, प्रशासन पर अनदेखी के आरोप

(ब्यूरो वैभव श्रीवास्तव)
जन एक्सप्रेस/फतेहपुर :- शहर के आवास विकास, सीओ ऑफिस मोड़ पर जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वार्ड नंबर-2 में अंबेडकर विद्यालय से ककराहा तालाब तक की सड़क पर पानी भरा हुआ है। दोनों तरफ की नालियां चोक हैं और सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई है। सभासद दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि यहां उदयभान इंटर कॉलेज है जहां हजारों छात्र पढ़ने आते हैं, सैकड़ों मकान और पूरा विद्यालय इस जलभराव से प्रभावित है। यह वर्षों पुरानी समस्या है, कई बार जिला प्रशासन, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन को पत्र दिया गया लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
मोहल्ले वालों का कहना है कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है, आए दिन बच्चे गड्ढों में गिर जाते हैं और पानी में कीड़े निकल रहे हैं। स्थानीय निवासी उदय भान सिंह ने बताया कि दो साल से घरों का पानी सड़क पर आ रहा है, घर से निकलते ही पानी से होकर गुजरना पड़ता है, मच्छरों की भरमार है और हर घर में कई लोग बीमार हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसका मुख्य कारण गलत लेवल पर बना नाला है, आबूनगर से आवास विकास तक का पूरा पानी इसी नाले से आता है, नाला ऊंचाई पर और मोहल्ले की नाली व सड़क नीचे होने से पानी वापस मोहल्ले में भर जाता है। चेयरमैन और ईओ को लगातार प्रार्थना पत्र दिए गए, टैंकर से एक-दो बार पानी निकलवाकर औपचारिकता की जाती है जबकि रोजाना पानी भर जाता है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर सड़क और नाली को ऊंचा कर बनाए जाने और मुख्य नाले की सफाई कराने की मांग की है।






