CrimeUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में लक्जरी कार से गांजा तस्करी,महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई में गांजे की तस्करी के एक मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया। सीतापुर से लक्जरी कार में 14 किलो गांजा लादकर चार तस्कर हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में डिलीवरी देने पहुंचे थे। खास बात यह रही कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक महिला को भी अपने साथ रखा था। लेकिन डिलीवरी से पहले ही पुलिस की वाहन चेकिंग में उनकी कार रुक गई। तलाशी ली गई तो अंदर गांजे की बड़ी खेप देखकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने कार सवार चारों आरोपियों को गांजे समेत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, सुरसा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम तुन्दवल पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार सवार पंकज निवासी मिश्रिख, सीतापुर, नितिन निवासी कोतवाली सीतापुर, शिवा निवासी कछौना, हरदोई और शालू उर्फ शालिनी निवासी मिश्रिख, सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चारों सीतापुर से गांजे की खेप लेकर हरदोई में इसकी डिलीवरी देने आए थे, लेकिन अपने मंसूबे पूरे करने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

मामले में थाना सुरसा में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई कार भी कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पंकज का पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमों का आपराधिक इतिहास है, जबकि शिवा के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत कई मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 14 किलो गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और हरदोई में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button