कौशल विकास केंद्र में एआई पर सेमिनार, 480 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण
आईबीएम के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की व्यावहारिक जानकारी दी गई

जन एक्सप्रेस /सुलतानपुर :- कौशल विकास केंद्र में आईबीएम के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर दो दिवसीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। 5 और 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में करीब 480 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में फ्यूचर टेक के सीनियर एंगेजमेंट एसोसिएट रितेश शुक्ला ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली, इसके व्यावहारिक उपयोग तथा भविष्य में एआई से जुड़ी संभावित तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन गतिविधियों के माध्यम से एआई की उपयोगिता समझाई गई।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उदाहरण के माध्यम से विशिष्ट रिज्यूमे तैयार करने की प्रक्रिया भी बताई गई। इससे विद्यार्थियों को तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल और रोजगार की संभावनाओं को समझने में मदद मिली। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यशाला में भाग लिया और विशेषज्ञ से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यशाला के आयोजन में कौशल विकास केंद्र के सभी प्राध्यापकों ने सहयोग प्रदान किया। केंद्र के प्रबंधक विनोद सिंह और प्रिंसिपल सुनील प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल विकास के लिए इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित किए जाने का आश्वासन दिया।






