
जन एक्सप्रेस /रामनगर :- पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, वादी की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रेम चन्द्र ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 12 अक्टूबर को रवि वर्मा (31) निवासी ग्राम सुन्दरा पुट्टा, थाना टीपी नगर, मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, वादी की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल नोएडा से चोरी करने की बात भी बताई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गणेश जोशी, कांस्टेबल प्रयाग सिंह और कांस्टेबल मेघा सिंह शामिल रहे।






