
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जिला योजना समिति (डीपीसी) के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मनमानी का आरोप लगाते हुए प्रभावित पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्षदों ने चुनाव निरस्त कर नियमानुसार दोबारा चुनाव कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
14 अक्टूबर को सौंपे गए ज्ञापन में पार्षदों ने आरोप लगाया कि डीपीसी चुनाव की सूचना उन्हें न तो लिखित रूप में दी गई और न ही फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई। उनका कहना है कि उन्हें विश्वास में लिए बिना चुनाव प्रक्रिया पूरी कराना पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।
पार्षदों के अनुसार, संबंधित चुनाव में उन्हें प्रत्याशी बनने और मतदान करने का अधिकार था, लेकिन चुनाव की सूचना नहीं मिलने से वे इस प्रक्रिया में भाग नहीं ले सके। उन्होंने पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्षदों ने मांग की कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, डीपीसी चुनाव निरस्त कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई जाए।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय की शरण लेंगे। अब इस मामले में नगर निगम प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर नजर रहेगी।






