utrakhandउत्तरकाशी

भाजपा नेता राजेश कुमार ने सीएम धामी से की मुलाकात, आपदा प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग

ओलावृष्टि और भारी बारिश से धान की फसल व मकानों को हुए नुकसान का उठाया मुद्दा, बिजली बिलों और कृषि ऋण में राहत देने का किया अनुरोध

जन एक्सप्रेस /बाजपुर :-  भाजपा नेता एवं बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी राजेश कुमार ने आईजीएल हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर 9 अक्टूबर को हुई बेमौसमी ओलावृष्टि, आंधी-तूफान और भारी बारिश से प्रभावित किसानों एवं परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुलाकात के दौरान राजेश कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष बारिश और ओलावृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान तथा क्षतिग्रस्त मकानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसानों की महीनों की मेहनत प्रभावित हुई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने आपदा प्रभावित किसानों और पात्र परिवारों के बिजली बिलों में राहत देने, सहकारी कृषि ऋण की किस्तों के भुगतान के लिए अतिरिक्त समय देने तथा बच्चों की स्कूल फीस जमा करने की समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक संकट का सामना कर रहे परिवारों को राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।

राजेश कुमार ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए इन मुद्दों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे बाजपुर के आपदा प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button