UP Breaking NewsUP POLICEहरदोई

गोवंश आश्रय स्थलों में हरे चारे और बेहतर भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करें: सीडीओ

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई सीडीओ श्रीमती नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थायी एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों की स्थिति, संरक्षित गोवंश की संख्या, डीबीटी, सहभागिता योजना के भुगतान तथा निर्माणाधीन आश्रय स्थलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश आश्रय स्थलों में पर्याप्त हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गोवंश के भरण-पोषण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आश्रय स्थलों से संबद्ध चारागाह भूमि पर उत्तर प्रदेश चारा नीति के तहत हरे चारे की बुवाई कराने तथा गोवंश की आवश्यकता के अनुसार उसकी नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

सीडीओ ने आश्रय स्थलों में कम्पोस्ट खाद, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत, घनजीवामृत एवं गो-काष्ठ के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि आश्रय स्थलों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। साथ ही निर्माणाधीन आश्रय स्थलों का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा कराने को कहा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गोवंश आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, व्यवस्थाओं की निगरानी रखने तथा कमियों का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों, संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button