स्कूटी से अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद, एक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- शहर में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हीरानगर चौकी पुलिस ने स्कूटी से अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद किए हैं। शराब ले जाने में इस्तेमाल स्कूटी को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी संजीत कुमार राठौड़ पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पंत कॉलोनी में आरा मशीन के सामने एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी से अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरबंश कुमार पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी प्रसाद निवासी गांधीनगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी संजीत कुमार राठौड़, कांस्टेबल ललित नाथ और अरविंद राणा शामिल रहे।






