utrakhandउत्तरकाशी

काशीपुर में भाजपा का चुनावी मंथन, सीएम धामी समेत दिग्गज नेताओं का जमावड़ा

जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में काशीपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी वर्ग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया।

मुख्यमंत्री धामी बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन में विधानसभा विस्तारकों और प्रभारियों की भूमिका, संगठनात्मक समन्वय तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय नेता अरविंद मेनन और प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

काशीपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईजीएल हेलीपैड पर आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र पर काम कर रही है।

राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह संगठनात्मक सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, सम्मेलन में लिए गए किसी विशेष चुनावी फैसले की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button