
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन मजबूत करने की रफ्तार तेज कर दी है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह (चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष) की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी से जुड़े दो प्रमुख चेहरों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। चकराता विधानसभा क्षेत्र से 2022 में आम आदमी पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने वाले दर्शन लाल डोभाल और पूर्व आईजी अनंत राम चौहान समेत 50 से ज्यादा लोगों ने सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। दर्शन डोभाल ने कहा कि वे कांग्रेस को क्षेत्र में और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो सबको साथ लेकर चलती है। 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। यह बयान चकराता-जौनसार क्षेत्र में कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है, जहां प्रीतम सिंह की पकड़ पहले से मजबूत मानी जाती है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को मौका देगी। प्रीतम सिंह ने नए साथियों के जुड़ने को 2027 के चुनाव में पार्टी के लिए फायदेमंद बताया और कहा कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।
आप के पुराने चेहरे कांग्रेस की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना कमजोर पड़ रही है। कांग्रेस इसे संगठन विस्तार का बड़ा मौका मान रही है, जबकि विरोधियों के लिए यह सत्ता विरोधी माहौल का संकेत बन गया है। आने वाले दिनों में और नेताओं के शामिल होने की खबरें भी गर्म हैं। यह घटनाक्रम उत्तराखंड की राजनीति में 2027 की तैयारी का साफ संकेत है।






