
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- पुलिस ने एक युवक को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम देवनगर से बैकुण्ठपुर जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर शक्तिफार्म चौकी से करीब 300 मीटर दूर एक युवक संदिग्ध अवस्था में पैदल जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक की जींस की दाहिनी जेब से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ। तमंचे की जांच करने पर उसके चैंबर में एक जिंदा कारतूस मिला।
गिरफ्तार युवक की पहचान मिलन विश्वास (21 वर्ष) पुत्र शम्भू विश्वास, निवासी ग्राम बैकुण्ठपुर, सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, चौकी प्रभारी शक्तिफार्म उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार और हेड कांस्टेबल जगदीश कौठियाल शामिल रहे।






