
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई भारी ओलावृष्टि, आंधी और तूफान से फसलों और आवासीय संपत्तियों को हुए नुकसान के बाद कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग उठाई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में एसडीएम बाजपुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर किसानों को ₹50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने सहित कई मांगें रखी गईं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन शर्मा के नेतृत्व में भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र के कई गांवों में धान, गन्ना, उड़द सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पॉपुलर के पेड़ उखड़ने और मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, गौशालाओं तथा टीन शेड क्षतिग्रस्त होने की बात भी कही गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश किसान कृषि पर निर्भर हैं। फसलें खराब होने से उनके सामने बैंक ऋण चुकाने, बच्चों की फीस जमा करने और बिजली-पानी के बिलों का भुगतान करने में परेशानी आ सकती है।
ज्ञापन में आपदा प्रभावित किसानों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी करने, ₹50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने, बिजली-पानी के बिल माफ करने और अगली फसल की कटाई तक बिल जमा करने से छूट देने की मांग की गई। इसके अलावा क्षतिग्रस्त मकानों, टीन शेड और गौशालाओं के पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक सहायता तथा बच्चों की स्कूल-कॉलेज फीस जमा करने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह, हरमिंदर सिंह लाडी, कदीर अहमद, जोरावर सिंह भुल्लर, सत्यवान गर्ग, पवन शर्मा, हरदेव सिंह, अमरजीत सिंह, कुलदीप सिंह, नवदीप कंग, परमजीत हांडा, हामिद अली, तनवीर खान, गुड्डू, डीके जोशी, जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






