विदेश

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले अमेरिका बोला, भारत एक जीवंत लोकतंत्र

वाशिंगटन । भारत में लोकतंत्र की सेहत को लेकर उठाई गई चिंताओं को अमेरिका ने सिरे से खारिज करते हुए जोर देकर कहा है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है। व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में राजनीतिक संचार के कोऑर्डिनेटर जॉन कर्बी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और किसी को इसमें शक है तो नई दिल्ली जाकर अपनी आंखों से इसे देख सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन लोकतंत्र से जुड़ी चिंताओं को व्यक्त करने से कभी कतराता नहीं है।

व्हाइट हाउस की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मोदी सरकार की लगातार आलोचना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस माह के अंत में अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जाने वाले हैं जहां अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बिडेन आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी करेंगे। 22 जून को प्रधानमंत्री का अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ रात्रिभोज भी है।

प्रधानमंत्री मोदी को रात्रिभोज का निमंत्रण दिए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर जॉन कर्बी ने कहा कि भारत कई स्तरों पर अमेरिका का एक मजबूत भागीदार है। हम दोनों देशों के बीच बहुत अधिक आर्थिक व्यापार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button