मध्यप्रदेश

नशेड़ियों ने घर के बाहर खड़े बारहवीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर की हत्या

इंदौर । शहर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात नशेड़ियों ने घर के बाहर खड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।

मल्हारगंज थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कैलाश मार्ग (अंतिम चौराहा) निवासी तुषार रावत (18 वर्ष) सोमवार रात अपने घर के बाहर खड़ा था। इस दौरान रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच पहली बाखल निवासी हरिओम सहित अन्य लोग नशे की हालात में यहां आए। सभी आरोपित नशे की हालत में रास्ते में कई लोगों को चाकू मारकर घायल करते हुए आ रहे थे। तभी उन्होंने तुषार पर भी हमला किया। तुषार की छाती और सिर के पीछे चाकू से वार किए। परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित किया।

सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि तुषार कक्षा 12वीं में पढ़ता था और साथ में नौकरी भी करता था। आरोपितों में एक का नाम हरीओम राठौर बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। परिजनों के मुताबिक उनकी इन लोगों से पुरानी कोई दुश्मनी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button