नेपाल: नामांकन रद्द, फिर भी भरोसा कायम: कंडेल के कंधों पर कांग्रेस की जीत
दो सीट, एक कमान: देवेंद्रराज कंडेल के नेतृत्व में कांग्रेस का चुनावी अभियान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: मित्र राष्ट्र नेपाल में लोकसभा प्रतिनिधि सदस्य के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में नेपाली कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने नवलपरासी जिले में संगठनात्मक मजबूती के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए वरिष्ठ नेता व पूर्व गृहराज्यमंत्री देवेंद्रराज कंडेल को क्षेत्र संख्या–1 और 2 में चुनावी अभियान की कमान सौंपी है।
केंद्रीय समिति ने कंडेल को निर्वाचन परिचालन संयोजक नियुक्त करते हुए दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाने की विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जारी पत्र में निर्वाचन क्षेत्र संख्या–1 से प्रत्याशी बिनोद कुमार चौधरी तथा क्षेत्र संख्या–2 से प्रत्याशी भीम बहादुर थापा (भरत) के पक्ष में माहौल बनाने, पार्टी की सभी इकाइयों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने और चुनावी गतिविधियों को गति देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पत्र पर पार्टी सभापति गगनकुमार थापा के हस्ताक्षर हैं।

गौरतलब है कि क्षेत्र संख्या–2 से पूर्व में नामांकन संबंधी विवाद के चलते देवेंद्रराज कंडेल की उम्मीदवारी रद्द हो गई थी, जिसके बाद उनके असंतोष की चर्चाएं थीं। ऐसे में पार्टी द्वारा उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने को संगठनात्मक एकता, अनुशासन और समर्पण का मजबूत संदेश माना जा रहा है। कार्यवाहक जिला सभापति विक्रम यादव ने कहा कि अब सभी मतभेद समाप्त हो चुके हैं और वरिष्ठ नेता कंडेल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव अभियान को आगे बढ़ाएंगे। उल्लेखनीय है कि देवेंद्रराज कंडेल वर्तमान में नेपाली कांग्रेस के केंद्रीय सदस्य भी हैं।
सीमा पर व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा प्राथमिकता:
नवलपरासी क्षेत्र संख्या–2 से कांग्रेस प्रत्याशी भीम बहादुर थापा (भरत) ने शनिवार देर शाम भारतीय मीडिया कर्मियों के साथ प्रेस वार्ता कर चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी पांच मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव के लिए केंद्रीय समिति ने उन्हें अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
थापा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे भारत–नेपाल सीमा से जुड़े उद्योग, व्यापार और पर्यटन सहित तमाम जटिल समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास करेंगे, ताकि दोनों देशों के बीच रोटी–बेटी के रिश्ते और अधिक प्रगाढ़ हों और व्यापार सुगम बने।
प्रेस वार्ता में कार्यवाहक जिला सभापति विक्रम यादव, पूर्व केंद्रीय सदस्य सजीव यादव, नवलपरासी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष हरि शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







