मिशन शक्ति फेज-5 के तहत छात्रा बनी एक दिन की डीएम
एक दिन के लिए छात्रा संजीवनी ने संभाली जिलाधिकारी की कुर्सी

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज : जनपद के कंपोजिट विद्यालय सोनरा की कक्षा 8 की छात्रा संजीवनी को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मिशन शक्ति फेज–5 अभियान के तहत एक दिन के लिए डीएम बनाया है। इस मौके पर।फरियादियों में सबसे अधिक भूमि, पुलिस, ग्राम्य विकास और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। संजीवनी ने एक फरियादी की शिकायत के आधार पर चुनाव संबंधी विवाद में प्रतिपक्षियों द्वारा धमकी दिए जाने की घटना को गंभीरता से लिया और कोतवाल सदर को फोन पर निर्देश देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संजीवनी को जिलाधिकारी के दायित्व और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बेटियों का मनोबल बढ़ाने, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस पहल को जिले में आयोजित किया गया है। इसी क्रम में परिषदीय विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी एक दिन के लिए एसपी, सीडीओ और बीएसए बनाया जाएगा।संजीवनी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, आज एक दिन की डीएम बनकर मैंने महसूस किया कि जिलाधिकारी का काम कितना व्यापक होता है और वे हमारी समस्याओं का समाधान किस प्रकार करते हैं। मैं भी मेहनत कर आइएएस बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हूँ। वही जिलाधिकारी श्री शर्मा ने संजीवनी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और लगातार मेहनत करने का महत्व समझाया। इस अवसर पर एसडीएम श्री प्रेम प्रकाश पांडेय, बीएसए ऋद्धि पांडेय और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






