HIGH COURTSCटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदिल्लीराज्य खबरें

सुप्रीम कोर्ट में हंगामा सुनवाई के दौरान बाधा डालने के आरोप में दो लॉ छात्रों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /नई दिल्ली :-सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के दौरान कथित रूप से हंगामा करने और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो कानून (लॉ) के छात्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर अदालत में अभद्र व्यवहार करने, सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और न्यायिक कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप है। फिलहाल दोनों पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की जांच जारी है।

दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले

दिल्ली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और चंदर भान के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।

कोर्ट नंबर-13 में किया हंगामा

पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-13 में एक मामले की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान प्रबल प्रताप सिंह ने खुद को याचिकाकर्ता बताते हुए अदालत में पेश किया। आरोप है कि उसने न्यायालय में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, कागजात फेंके और सुनवाई में व्यवधान पैदा किया।

सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की का आरोप

जब कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और कार्रवाई शुरू की गई।

मानसिक जांच में नहीं मिली इलाज की जरूरत

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों का इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (IHBAS) में मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार दोनों को तत्काल किसी मानसिक उपचार की आवश्यकता नहीं पाई गई।

आपत्तिजनक पर्चे भी बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले कुछ पर्चे भी बरामद किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन पर्चों का उद्देश्य क्या था और क्या इस घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश या पूर्व नियोजित योजना का संबंध है।

तिलक मार्ग थाने में FIR दर्ज

इस मामले में दिल्ली के तिलक मार्ग थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 224, 3(5) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button