उत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

चित्रकूट में बड़ा हादसा: ट्रेन की टक्कर से घायल हुआ बाघ का शावक

रानीपुर टाइगर रिजर्व के पास जंगल में हादसा, 5 माह के शावक को गंभीर चोट; मुकुंदपुर जू सेंटर में हो रहा इलाज

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (सचिन वंदन): मझगवां रेंज के हजारा नाला क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जंगल के बीच से गुजर रही रेलवे लाइन पर ट्रेन की टक्कर से रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र का एक पांच माह का बाघ का शावक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा हजारा नाला के समीप हुआ, जो रानीपुर टाइगर रिजर्व से सटा हुआ क्षेत्र है। शावक को टक्कर लगने के बाद उसकी पिछली टांग में गंभीर चोट आई है। मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद घायल शावक को विशेष वाहन से मुकुंदपुर जू सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घायल शावक की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चोट गहरी है और कुछ दिन निगरानी में रखना जरूरी होगा। गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। दिसंबर 2016 में भी इसी क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर एक बाघ की मौत हो चुकी है। यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए संवेदनशील है, क्योंकि रेलवे लाइन सीधे जंगल के बीच से गुजरती है।

वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यावरण प्रेमियों ने रेलवे और वन विभाग से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। जैसे—

ट्रेन की रफ्तार सीमित की जाए,

चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं,

सीसीटीवी और सेंसिंग सिस्टम लगाया जाए,

इस हादसे ने एक बार फिर जंगलों में बिछी रेल लाइनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो वन्य जीवों के लिए एक ‘मौत का रास्ता’ बनती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button