डीएम का अचानक एक्शन: वीसी में गैरहाजिर मिले कई अफसर, मचा हड़कंप
अनुपस्थित अधिकारियों को जारी हुआ स्पष्टीकरण, 10 से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद महराजगंज में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:10 बजे औचक निरीक्षण करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलास्तरीय, तहसीलस्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। जिलाधिकारी ने एक-एक अधिकारी का नाम लेकर ऑनलाइन वीडियो कॉल के माध्यम से उनके कार्यालय में मौजूद होने की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर बीडीओ लक्ष्मीपुर, धानी एवं परतावल अनुपस्थित पाए गए। वहीं जिलास्तरीय अधिकारियों में डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उपनिदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, डायट प्राचार्य, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं डीसी राज्यकर भी वीसी में अनुपस्थित रहे।
अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी किया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करें तथा आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आम जनता की शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचें और जनसुनवाई को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। डीएम ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में भी आकस्मिक रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।






