उत्तर प्रदेशमहोबा

जननी सुरक्षा योजना का भुगतान शत प्रतिशत लाभार्थियों को सुनिश्चित हो- डीएम

जन एक्सप्रेस/महोबा l(अंजली धाकड़ ):जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया l जिसमें गर्भवती महिला पंजीकरण एवं जननी सुरक्षा योजना, जननी सुरक्षा कार्यक्रम, एंबुलेंस सेवा, मातृत्व मृत्यु संबंधी समीक्षा एवं टीकाकरण संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के 102, 108 एवं एएलएस एंबुलेंस के मैनेजर को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में किसी मरीज को लाने ले जाने में विलंब न हो। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में निर्देश दिए गए कि स्टेट रैंक से जनपद की रैंक कम नहीं होनी चाहिए, स्वास्थ्य सेवाओं की सब तक पहुँच सुनिश्चित कराये एवं जननी सुरक्षा योजना का भुगतान शत प्रतिशत लाभार्थियों को सुनिश्चित हो तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं समस्त चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि किसी भी मरीज को बाहर की दवाई ना लिखी जाए। किसी तरह की बाहर की दवाई लिखी पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी l जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों पर शीत लहर के दृष्टिगत चिकित्सालय परिसर में अलाव, वार्ड में हीटर एवं मरीज हेतु कंबल का उचित प्रबंध सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने सभी मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों एवं चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज का यथा संभव इलाज अपनी इकाई पर करें, यदि उस विधा का डॉक्टर उपलब्ध न हो तो मरीज की स्थिति का आकलन करने के बाद ही मरीज को रेफर करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आशाराम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुरेश कुमार, डॉ वी. के. चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button