एडीजी ने माघ मेला के मद्देनजर जिले की व्यवस्थाओं को परखा, दिया निर्देश

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़:माघ मेला- प्रयागराज के दृष्टिगत मंगलवार को एडीजी प्रयागराज ज्योति नारायण ने जिले में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, यातायात व्यवस्था व रूट डायवर्जन समेत की गई तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया। एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने एसपी दीपक भूकर के साथ कोहड़ौर थाना क्षेत्र में बनाए गये वाहनों के लिए पार्किंग स्थल व रुट डायवर्जन की व्यवस्था को बारीकी से परखा। बता दें कि प्रयागराज में चल रहे माघ मेला में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का पहुंचना होता है। और इस दौरान प्रयागराज-अयोध्या के बीच भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहता है। जिसके चलते भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जिले में रुट डायवर्जन व पार्किंग की व्यवस्था काफी सुदृढ़ रखी जाती है। एडीजी ज्योति नरायन सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की उपस्थिति के दौरान कानून व्यवस्था एवं मानवीय व्यवहार सर्वोपरि होना चाहिए। इस दौरान एडीजी ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। साथ ही माघ मेला के मद्देनजर की गई तैयारियों को लेकर लोगों से उनकी राय भी ली। और अंत में उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सड़क के किनारे कोई भी वाहन न खड़े हों सभी निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएं। इस दौरान जिले में एसपी दीपक भूकर की तैयारियों से एडीजी पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। इस दौरान एसपी दीपक भूकर, एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल, सहायक पुलिस अधीक्षक ( सीओ सिटी ) प्रशांत राज समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।






