महराजगंज

महराजगंज में आधार का फंसा पेंच, पेंशन से वंचित हो जाएंगे 1050 दिव्यांग

जन एक्सप्रेस/महराजगंज। उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज में दिव्यांगों के आधार प्रमाणीकरण के कार्य पर ग्रहण लग गया है। पिछले पंद्रह दिनों से सर्वर में गड़बड़ी के कारण दिव्यांगों की परेशानी और बढ़ गई है। वर्तमान में 1050 दिव्यांगों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो सका है।

ऐसे में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। आए दिन दिव्यांग कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर काम नहीं करने से उन्हें निराश होकर वापस लौट जाना पड़ रहा है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले दिव्यांगों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य से पेंशन योजना चलाई जा रही है। इसके माध्यम से दिव्यांगों को प्रत्येक माह एक हजार रुपये के हिसाब से तीन माह पर तीन हजार रुपये देने का प्रविधान है।

इस प्रकार दिव्यांगों को चार किस्तों में कुल 12 हजार रुपये के रूप में दी जाती है। जिले में वर्तमान में कुल 15739 दिव्यांग पेंशनर्स हैं। पहले दिव्यांगों को खाता नंबर के आधार पर सीधे खाते में पैसा भेजा जाता था। लेकिन व्यवस्था में पारदर्शित के उद्देश्य से आधारबेस, भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जाने लगी। इसके लिए दिव्यांगों को आधार का प्रमाणीकरण कराना आवश्यक कर दिया गया है।

आधार प्रमाणीकरण होने से पीएफएमएस (सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली) के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में पेंशन की किस्त पहुंच जाएगी। आधार प्रमाणीकरण नहीं होने की दशा में किस्त की राशि स्वतः रिजेक्ट हो जाएगी। ऐसे में आधार प्रमाणीकरण से वंचित दिव्यांगों की पेंशन न मिलने से उनकी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांग पेंशनरों के करीब 400 डेटा तथा निराश्रित महिला पेंशनरों के दो हजार डेटा कार्यालय में प्राप्त हो गए हैं। सर्वर चलते ही इन सभी का आधार प्रमाणीकरण करा दिया जाएगा। आधार प्रमाणीकरण से वंचित लाभार्थी अपना आधार कार्ड कार्यालय में लाकर प्रमाणीकरण का कार्य करा सकते हैं। इसके लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।

ये भी पढ़े:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button