शौर्य महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने दी वीर शहीद को श्रद्धांजलि
अब हर वर्ष शहीद भवानी दत्त जोशी के नाम पर आयोजित होगा राजकीय मेला, आतंकवाद पर सख्त रुख: एक गोली का जवाब कई गोलियों से-मुख्यमंत्री धामी

जन एक्सप्रेस/चमोली (उत्तराखंड) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के थराली स्थित चेपड़ों गांव में आयोजित शौर्य महोत्सव में भाग लिया। यह आयोजन अशोक चक्र विजेता और ऑपरेशन ब्लू स्टार में वीरगति को प्राप्त शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अब हर वर्ष राजकीय मेले के रूप में होगा आयोजन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि यह शौर्य मेला अब हर साल राजकीय मेले के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा आवश्यक बजट की व्यवस्था की जाएगी।
अशोक चक्र विजेता को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहीद भवानी दत्त जोशी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार में अदम्य साहस दिखाते हुए राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि उत्तराखंड की धरती ने ऐसा वीर सपूत जन्मा, और मुझे उनकी स्मृति में आयोजित इस आयोजन में शामिल होकर श्रद्धांजलि देने का सौभाग्य मिला।”
सुरक्षा नीति पर सरकार का स्पष्ट संदेश
देश की सुरक्षा नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना का मनोबल लगातार ऊंचा हुआ है। हाल में आतंकियों के विरुद्ध चलाए गए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “अब आतंकियों की एक गोली का जवाब कई गोलियों से दिया जाएगा।”
पुल हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताई सख्त नाराजगी, तीन अभियंता हुए निलंबित
थराली विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि तीन अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद सतीश चंद्र के पिता महेशानंद, शहीद कृपा सिंह की पत्नी विमला देवी, शहीद हिम्मत सिंह के भाई अभय सिंह नेगी और श्रीमती सरोजनी कोटड़ी को सम्मानित कर राज्य की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की।
उत्तराखंड में तेजी से हो रहे नीतिगत सुधार: ऋतु खंडूड़ी, विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड में केवल अधोसंरचना ही नहीं, बल्कि नीतिगत सुधारों की गति भी तीव्र है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, और महिला सशक्तिकरण को राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रमाण बताया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, पूर्व मंत्री हरक सिंह नेगी, मेला अध्यक्ष बीरू जोशी, लेफ्टिनेंट कर्नल हरीश जोशी, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी संदीप तिवारी, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट, और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।






