सांप को गले में डालकर कर रहा था स्टंट, जीभ पर डस लिया

जन एक्सप्रेस/अमरोहा : साहस और सनक के बीच एक पतली रेखा होती है—और अमरोहा के एक गांव में यह रेखा उस वक्त टूट गई जब जीतेंद्र उर्फ जीतू नाम के युवक ने ‘डेयरिंग शो’ के चक्कर में अपनी जान दांव पर लगा दी।
घटना एक स्थानीय गांव की है जहां जीतू ने एक ज़िंदा सांप को पकड़कर अपने गले में डाल लिया और पूरे गांव में उसे घुमाकर अपनी ‘हिम्मत’ का प्रदर्शन करने लगा। भीड़ के सामने उसने बार-बार उस सांप से अपनी जीभ टच करवाई, मानो यह कोई खेल हो।
लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई—सांप ने अचानक जीतू की जीभ पर डस लिया। देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ गई। गांव वालों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे तुरंत ICU में भर्ती किया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर्स की टीम उस पर नजर रखे हुए है।
स्थानीय प्रशासन ने इस घटना को चेतावनी मानते हुए लोगों से अपील की है कि वे ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहें।






