:जौनपुरउत्तर प्रदेशमहराजगंज

महराजगंज कलक्ट्रेट को मिला आईएसओ प्रमाण पत्र

कलेक्ट्रेट व समस्त तहसीलों को आधुनिक व जनअनुकूल बनाने के प्रयासों को मिला सम्मान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : जिला प्रशासन महराजगंज के कलेक्ट्रेट एवं समस्त तहसीलों के आधुनिक और जनसुविधा केंद्रित कायाकल्प को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (ISO) ने मान्यता दी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को आईंएसओ प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जनपद के कलेक्ट्रेट सहित सभी तहसीलों को आईएसओ मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुग्राम की सलाहकारी संस्था सान्वी मैनेजमेंट द्वारा कुल 52 मानकों पर कार्य करते हुए कार्यालयों की प्रणाली, अधोसंरचना और तकनीकी सुधार सुनिश्चित किया गया। इस प्रक्रिया में कार्मिकों का प्रशिक्षण, हेल्प डेस्क की स्थापना, पेयजल व साफ-सफाई की उन्नत व्यवस्था, फीडबैक व शिकायत निवारण प्रणाली, कूड़ा प्रबंधन, परिसर का सुंदरीकरण, दिव्यांग व महिला अनुकूल व्यवस्थाएं जैसे क्रेच, रैंप, वॉल पेंटिंग, आधुनिक शौचालय, आई-कार्ड और पदनाम पट्टिकाएं आदि शामिल रहे। साथ ही, ई-ऑफिस प्रणाली को लागू करते हुए कार्यालयों को कागजरहित और दक्ष बनाया गया। इस संबंध में सान्वी मैनेजमेंट के प्रतिनिधि आजाद सिंह ने बताया कि पहले चरण में गैप एनालिसिस कर कमियों को चिह्नित किया गया और फिर उन्हें दूर करते हुए आईएसओ के मानकों के अनुरूप कार्य किए गए। अंत में थर्ड पार्टी ऑडिट के माध्यम से गुणवत्ता की पुष्टि की गई।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि यह केवल एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और समयबद्धता की दिशा में प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आईटी आधारित प्रणाली से न सिर्फ कार्य संस्कृति में पारदर्शिता आई है, बल्कि जनसुविधा भी बढ़ी है। हमारा प्रयास है कि जनपद के सभी कार्यालयों को ISO सर्टिफिकेशन की दिशा में अग्रसर किया जाए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनपद के लिए गौरव का विषय है और उत्तर प्रदेश शासन की ई-गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन व जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को और सशक्त करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button