छेड़खानी के फर्जी आरोप और बेइज्जती से आहत बुजुर्ग ने दी जान
कुरारा पुलिस ने खुदकुशी को मजबूर करने वाली महिला, पति, बेटे के खिलाफ मामला किया दर्ज

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर कुरारा के बचरौली गांव में 55 वर्षीय बुजुर्ग के खुदकुशी के मामले में मृतक के भाई ने तीन आरोपियों के खिलाफ कुरारा थाने में रिपोर्ट दर्ज करादी है। बताया गया है कि कुरारा के बचरौली गांव निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय सुजान सिंह ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में कहा है कि 23 जुलाई को गांव की ही सुमन पत्नी श्याम बिहारी अहिरवार नामक महिला ने कुरारा पुलिस को मेरे भाई के खिलाफ छेड़खानी की फर्जी तहरीर देकर कहा था कि उसने उसे गलत इरादे से दबोचने के साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुये जाति सूचक लफ़्ज़ों का इस्तेमाल कर उसकी बेइज्जती की थी। जिसके बाद 25 जुलाई को गांव के ही श्याम बिहारी सहित उसका पुत्र अखिलेश उसके घर आये थे और भाई को घर से खींच कर बाहर ले जाने के साथ ही उसे जूते की माला पहना दी गई थी। साथ ही 5 लाख रुपये की मांग भी की थी जबकि रुपये न देने पर फर्जी मामले में फसाने की धमकी दी गई थी। जबकि 26 जुलाई को सुबह ज़ब मेरा भाई मुझे काफी देर तक नजर नहीं आया, तो मैं भाई को ढूंढते हुये उसके कमरे में गया, वहाँ जाकर मैंने देखा कि मेरा भाई फंदे से लटक रहा है। वही मृतक के भाई की तहरीर पर कुरारा पुलिस ने आरोपी सुमन पत्नी श्याम बिहारी जबकि श्याम बिहारी पुत्र बिन्दा अहिरवार सहित अखिलेश पुत्र श्याम बिहारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इस सनसनीखेज मामले की जाँच शुरू कर दी है। जबकि कुरारा इंस्पैक्टर नंदराम प्रजापति ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायगी।






