उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

नूरपुर में गरीब परिवार का टूटा आशियाना, भैंस का बच्चा मलबे में दबकर मरा

अब खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजरने को मजबूर

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर रामपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत नूरपुर में दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव के गरीब मजदूर मुन्नी लाल गौतम, सुक्खू गौतम और लाल चंद्र गौतम का कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में जहां परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए, वहीं मलबे में दबकर मुन्नी लाल की भैंस की बच्ची की मौत हो गई।

बारिश और सीलन से जर्जर मकान ने आखिरकार दम तोड़ दिया। हादसे में घर का चारा काटने का मशीन और टीन शेड भी पूरी तरह नष्ट हो गया। अब यह परिवार खुले आसमान के नीचे गुजर-बसर करने को मजबूर है।

पीड़ित परिवार बेहद गरीब है — न खेती की जमीन, न सरकारी पट्टा, और जीविकोपार्जन के लिए केवल दिहाड़ी मजदूरी ही सहारा है। एक आंख से कमजोर मुन्नी लाल गौतम ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई बार आवेदन किया, लेकिन आज तक किसी अधिकारी ने सुनवाई नहीं की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आवास, आर्थिक सहायता और मवेशी की क्षति का मुआवजा देने की मांग की है।
ग्राम प्रधान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

यह घटना गरीबों की बेबस जिंदगी और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर बड़ा सवाल खड़ा करती है — आखिर जरूरतमंदों तक मदद कब पहुंचेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button