मैंथा चक्रवात से बदला मौसम का मिज़ाज, यूपी में बढ़ी ठंड
लखनऊ समेत कई जिलों में रातभर हुई बारिश, अगले दो दिन और गिर सकता है तापमान

जन एक्सप्रेस लखनऊ: — अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए वेदर सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सोमवार देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सुबह तक जारी बारिश ने ठंडक बढ़ा दी है।मौसम विभाग के अनुसार, ‘मैंथा’ चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ी है। अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
29 से 31 अक्तूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के कई जिलों, बुंदेलखंड और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ठंडी हवाओं और लगातार हो रही वर्षा से दिन के तापमान में गिरावट के साथ रातें भी ठंडी होंगी।
किसानों और आम जनता को अलर्ट
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों की कटाई या भंडारण के दौरान सावधानी बरतें। वहीं, नागरिकों को अचानक बढ़ी ठंड को देखते हुए गर्म कपड़ों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।






