बारात के दौरान दो पक्षों में मारपीट और पथराव, मोहल्ला विष्णुपुरी में आधा घंटे तक दहशत
कई लोग हुए घायल, दोनों ओर से जमकर हुआ पथराव 112 पुलिस की कई टीमें पहुंचीं, हालात नियंत्रित—घटना CCTV में कैद

जन एक्सप्रेस हाथरस।हाथरस गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला विष्णुपुरी चौराहा पर मंगलवार देर शाम बारात चढ़ते समय अचानक दो पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। दोनों तरफ से दर्जनों युवाओं ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है।अचानक हुए पथराव से पास के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर के लोग करीब आधे घंटे तक भयभीत होकर घरों में बंद रहे।
सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलते ही 112 पुलिस की चार पीआरवी गाड़ियां तथा इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को हटाया और दोनों पक्षों को शांत कराया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।बताया गया कि पथराव की घटनाएं आसपास लगे CCTV कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






