उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में दबंगों का आतंक: महिला से मारपीट, जमीन कब्जाने की कोशिश, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद से दबंगई और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के लखनपुर मोहल्ले में एक महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और जमीन कब्जाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक जौनपुर से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता दीपा जायसवाल पत्नी प्रेमचन्द्र जायसवाल, निवासी मोहल्ला लखनपुर, परगना हवेली, तहसील सदर, थाना लाइन बाजार, ने बताया कि उनके पति और ससुराल के पट्टीदारों के बीच काफी समय से पारिवारिक संपत्ति और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला वर्तमान में दीवानी न्यायालय जौनपुर में विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है।

पीड़िता के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब सात बजे जब वह और उनके पति नींद से जागे, तो देखा कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग उनके परिसर स्थित गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधियां कर रहे हैं। ध्यान से देखने पर पता चला कि आरोपी ग्राइंडर मशीन से गोदाम का ताला काटने की कोशिश कर रहे थे। शोर मचाने पर कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि बाहर से बुलाए गए लोग पीछे के गेट से फरार हो गए। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस के कुछ लोगों ने भी आरोपियों की मदद की।

इसके बाद सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब पीड़िता अपने पुत्र युवराज जायसवाल के साथ घर से बाहर निकलने के लिए मुख्य गेट पर पहुंची और ताला खोलने का अनुरोध किया, तो आरोपी वहां पहुंच गए। पीड़िता का आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे और पाइप से पीड़िता और उसके पुत्र पर हमला कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि उन्हें और उनके बेटे को जबरन खींचकर घर के अंदर ले जाया गया और बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर पीड़िता के पति और वहां मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब जाकर दोनों की जान बच सकी। इस हमले में दीपा जायसवाल के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके पुत्र युवराज के चेहरे और पीठ पर गंभीर चोट के निशान हैं।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की, लेकिन जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो उन्होंने पुलिस अधीक्षक जौनपुर से लिखित शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button