पुलिस पिकेट से चंद दूरी पर चोरी, फल विक्रेता को 7 हजार का नुकसान
श्रीमऊ बाजार में दीवार में सेंध लगाकर चोरी, रात्रि गश्त और ग्राम सुरक्षा समिति के दावों की खुली पोल

जन एक्सप्रेस/हरदोई: पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में अपराधों पर अंकुश लगाए जाने के लिए लगातार जनपद के थानों की पुलिस को निर्देशित किया जा रहा है।यही नही रात्रि चौपाल व ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ साथ रात्रि गस्त को सक्रिय होने के निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।लेकिन अरवल थाना क्षेत्र की श्रीमऊ बाजार में पुलिस की पिकेट ड्यूटी से महज चंद दूरी पर चोरों ने बीती रात एक गरीब फल विक्रेता की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।बाजार में पिकेट बूथ से महज चंद दूरी पर हुई चोरी की इस घटना ने स्थानीय पुलिस के रात्रि गस्त,ग्राम सुरक्षा समिति जैसे सारे सुरक्षा दावों की पोल खोल दी।यही नही चोरी की इस घटना से पूरी बाजार में जहां सनसनी मचा गयी।वहीं स्थानीय पुलिस इस घटना को दबाने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ निवासी आनंद सक्सेना पुत्र श्रीराम फल विक्रेता है।उसने बाजार के ही पप्पू पुत्र मुन्ना सेठ का एक कमरा फलों के भंडारण के लिए किराए पर ले रखा है। बुधवार सुबह जब आनंद अपनी दुकान खोलने के लिए मौके पर पहुंचा तो देखा कि चोरों द्वारा दीवाल में सेंध मार कर फलों की टोकरियों एवं मूंगफली की एक बोरी जिनकी कीमत लगभग 7000 है, पर हाथ साफ कर दिया गया है। फल विक्रेता द्वारा तत्काल घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई।हालांकि सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी लेते हुए कार्यवाई का भरोसा दिया।लेकिन सूत्र बताते है कि पुलिस इस मामले में कोई भी कार्यवाई करने के मूड में नही है और मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।






