दुस्साहस : युवती का घर से अपहरण कर हत्या करने के आरोप में दो गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले की कुण्डा कोतवाली थाने की पुलिस ने अपहरण व हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है साथ ही इनके कब्जे से युवती के कपड़े व घटना में प्रयुक्त एक कार भी बरामद किया है।
बता दें कि कुण्डा थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि बीते दिसम्बर महीने में 22 तारीख को रात दस बजे उसकी पुत्री मानिकपुर थाना इलाके के एक युवक से मोबाइल पर बात कर रही थी। आरोप है कि थोड़ी ही देर बाद गांव का ही एक युवक चारपहिया वाहन लेकर आया और उसकी बेटी को गाड़ी में बैठाकर लेकर चला गया। सुबह जब फोन पर बात कर पीड़िता ने अपनी बेटी के बारे में जानकारी लेना चाहा तो उसके साथ गाली गलौज करते हुए कहीं शिकायत न करने की धमकी दी गई। महिला का कहना था कि लोक लाज के भय से उसने कहीं शिकायत नहीं कि लेकिन जब कई दिन बीत गए तब महिला ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था और मामले की गम्भीरता से जांच की जा रही थी। एसपी दीपक भूकर द्वारा घटना का संज्ञान लेते हुए घटना के अनावरण हेतु टीमें गठित कर संबंधित को कड़े निर्देश दिये गए थे। इसी क्रम में एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय व सीओ कुण्डा अमरनाथ गुप्ता के कुशल पर्वेक्षण में थाना प्रभारी मनोज कुमार पाण्डेय व उनकी पुलिस टीम द्वारा दो अभियुक्तों सज्जन शुक्ला व श्रवण शुक्ला उर्फ कप्तान को थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों द्वारा एक राय होकर योजनाबद्ध तरीके से षड्यंत्र के तहत मृतका प्रिया जायसवाल की हत्या की गई। अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतका प्रिया जायसवाल के पहने हुए कपड़े भी बरामद किये गये।
———————————————-
एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि कुण्डा थाना इलाके की एक महिला ने 8 फरवरी को थाने पर सूचना दिया कि उसकी बेटी को पड़ोसी गांव के सज्जन शुक्ला व उनके सहयोगी उसके घर से 22 दिसम्बर को उठा ले गये। पूछने पर धमकी देते हैं। जिसके बाद पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। एएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सज्जन ने बताया कि युवती को मारकर उसका शव गंगा नदी में फेंक दिया गया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतका के कपड़े व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है।







