जौनपुर: महिलाओं की सुरक्षा अभियान के तहत शक्ति मोबाइल टीम की कार्रवाई, मनचला दबोचा गया

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौनपुर के लाइनबाजार थाना क्षेत्र में शक्ति मोबाइल टीम ने एक मनचले युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में की गई।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शमीर पुत्र चुन्ने उर्फ सिकराम निवासी ग्राम लाइन बाजार, थाना लाइन बाजार, जौनपुर के रूप में हुई है। आरोपी राह चलती महिलाओं और लड़कियों को परेशान करता था। मामले की शिकायत मिलने के बाद शक्ति मोबाइल टीम तत्काल सक्रिय हुई और आरोपी को लाइन बाजार चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त का चालान कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह कार्रवाई शक्ति मोबाइल टीम की प्रभारी म0उ0नि0 पुष्पा देवी के नेतृत्व में की गई। टीम में हे0का0 शिवबदन, का0 मनोज यादव, म0का0 प्रीति मिश्रा तथा म0का0 आरती पाण्डेय शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं से छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना सामने आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।






