उत्तर प्रदेशगोरखपुर

गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन: योगी आदित्यनाथ ने सुनीं लोगों की समस्याएं, गोशाला में की गोसेवा

जन एक्सप्रेस/गोरखपुर।होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह परंपरागत दिनचर्या के तहत गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन लगाकर करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर फरियादी को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम करेगी।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भरपूर मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कोई भी जरूरतमंद धन के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचार के लिए आवश्यक इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जा सके।
एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी के इलाज में आर्थिक तंगी की बात रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और कार्ड न होने पर भी उसे चिंता न करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज में धन की कमी को आड़े नहीं आने देगी।
जमीन कब्जा और दबंगई पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि कहीं जमीन कब्जा या दबंगई की शिकायत मिले तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।
गोशाला में गोसेवा, नाम लेकर पुकारा गोवंश
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने श्यामा, गौरी, गंगा और भोला जैसे नामों से गोवंश को पुकारा। स्नेहिल पुकार सुनते ही कई गोवंश उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री ने उनके माथे पर हाथ फेरा, गुड़-रोटी खिलाई और उनकी देखभाल के संबंध में कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।भोले नामक एक विशाल नंदी को दुलारते हुए उन्होंने उसके शरीर पर लगी धूल-मिट्टी स्वयं साफ की और कार्यकर्ता को सूखे कपड़े से साफ करने को कहा। गोशाला में मौजूद मोर को भी उन्होंने अपने हाथों से रोटी खिलाकर स्नेह व्यक्त किया।जनता दर्शन में आए कुछ बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट दी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री का यह दौरा जनसेवा, संवेदनशील प्रशासन और परंपरागत गोसेवा का समन्वित संदेश देता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button