महिला दिवस पर नारी शक्ति के नाम मुख्यमंत्री योगी की पाती: “बेटियों को डरने की जरूरत नहीं

जन एक्सप्रेस/लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश की नारी शक्ति के नाम संदेश जारी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार आधी आबादी की गरिमा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बेटियां शाम होते ही घर से बाहर निकलने में घबराती थीं और स्कूल-कॉलेज जाने में भी डर का माहौल रहता था। महिलाओं के साथ अपराध आम बात थी, लेकिन आज परिस्थितियां बदली हैं और बेटियां रात की पाली में भी निडर होकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन सरकार की स्पष्ट नीति और साफ नीयत का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए गए विशेष अभियानों ने अपराधियों में कानून का डर पैदा किया है। उन्होंने कहा कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वही समाज निरंतर प्रगति करता है।
उन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटियों को जन्म से लेकर शिक्षा तक सहयोग दिया जा रहा है, जबकि सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संभव हो रहा है।गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए पोषण योजनाओं के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं निराश्रित महिलाओं की पेंशन राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से छात्राओं के पढ़ाई छोड़ने की दर में उल्लेखनीय कमी आई है, जबकि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि आज बेटियों को शिक्षा से लेकर रोजगार तक समान अवसर मिल रहे हैं और प्रदेश की नारी शक्ति स्वावलंबन का नया अध्याय लिख रही है।उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। बीसी सखी, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, स्वास्थ्य सखी और सूर्य सखी जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और वे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं।अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी का सम्मान पूरे समाज के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश की बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है और न ही छोटे सपने देखने चाहिए। सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नारी सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।






