
जन एक्सप्रेस/पुरोला (उत्तरकाशी): प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को पुरोला ब्लॉक सभागार में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दुर्गेश लाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, सिंचाई, कृषि, बागवानी और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान रहा। विधायक ने 8 पशु सखियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिन्ह और स्मार्ट फोन देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में शालिता देवी, आरती देवी, विनिशा देवी, सुषमा भवानी, ललिता राणा, प्रियंका, उत्तम रेखा और संतोषी देवी शामिल रहीं। इस पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
विधायक दुर्गेश लाल ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की चार साल की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
कार्यक्रम में भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, ओबीसी आयोग के सदस्य मोहबत सिंह नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सरकार की नीतियों और योजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें जनहित में प्रभावी बताया।
कार्यक्रम का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्षेत्रीय विकास के संकल्प के साथ हुआ।






