एडीजी प्रयागराज ने माँ बेल्हा देवी धाम में सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण
एडीजी ने की पूजा-अर्चना, व्यवस्थाओं को सराहा, दिये आवश्यक निर्देश

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़:जिले में बुधवार को चैत्र नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने प्रतापगढ़ पहुंचकर माँ बेल्हा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने एसपी दीपक भूकर के साथ सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की सतर्कता, तैनाती, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, महिला सुरक्षा एवं सीसीटीवी निगरानी आदि व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एडीजी ने जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान की गई व्यापक पुलिस व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए निर्देशित किया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, महिला सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए, जिससे पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूर्णतः सुदृढ़ एवं सुचारु बनी रहे। इस दौरान एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल, एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय, सीओ सिटी प्रशान्त राज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






