मल्लावां हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, शक में अंधे प्रेमी ने फावड़े से वार कर ली थी प्रेमिका की जान

जन एक्सप्रेस/ हरदोई : जनपद के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुई एक युवती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को आलाकत्ल (फावड़े) के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। हत्याकांड की वजह सिर्फ ‘शक’ बताई जा रही है।
शक ने बनाया हत्यारा
पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी युवक अपनी प्रेमिका पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आपा खो दिया और पास रखे फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मल्लावां पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया खून से सना फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
इलाके में आक्रोश का माहौल: इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।






