AGRAUPPOLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

आगरा स्टेशन मास्टर से मारपीट मामला RPF कर्मियों पर कार्रवाई की मांग, NCRES ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

जन एक्सप्रेस /आगरा :- आगरा रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक स्टेशन मास्टर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता की घटना ने अब बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) के विरोध के बाद अब नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ (NCRES) भी इस मामले में खुलकर सामने आ गया है।

यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरे उत्तर मध्य रेलवे (NCR) क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उच्च स्तरीय बैठक में बनी आंदोलन की रणनीति

मंगलवार को नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के केंद्रीय कार्यालय में आगरा मंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा मंडल के अध्यक्ष दीपक गोयल और मंडल सचिव अरुण शर्मा ने घटना की पूरी जानकारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी और कर्मचारियों में व्याप्त नाराजगी से अवगत कराया।

महामंत्री बोले- घटना शर्मनाक और निंदनीय

एनसीआरईएस के महामंत्री आर.पी. सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाए।

यूनियन का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों में कर्मचारी आंदोलन तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button