utrakhandटिहरीराज्य खबरें

नई टिहरी: टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने के निर्देश, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने लक्ष्य समय पर पूरा करने पर दिया जोर

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक में जिन स्थानों पर टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, उनमें अधिकांश स्थानों पर शिविर लगाकर कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष स्थानों पर भी आगामी दो दिनों के भीतर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मार्च के अंतिम सप्ताह से जनपद में लगातार टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में एक्स-रे सहित आवश्यक जांच की जा रही है। अब तक जनपद में लगभग 37 हजार लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है तथा शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने की कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो, वहां पूर्व में आयोजित शिविरों के बाद पुनः स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएं, ताकि कोई भी संभावित मरीज जांच से वंचित न रह जाए। उन्होंने अभियान में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनपद के सभी चिन्हित क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अभियान को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. शर्मा, आयुर्वेदिक अधिकारी सुभाष चन्द्र, जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव, डीएसटीओ साक्षी शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी सहित सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button