UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में साण्डी की पानी की टंकी का वाल्व फटा, ऑपरेटर तेज प्रेशर की चपेट में आया, बड़ा हादसा टला

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- जिले के साण्डी कस्बे में मंगलवार को नगर पालिका की पानी की टंकी पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंदिरा पार्क परिसर स्थित पानी की टंकी में पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान अचानक वाल्व की प्लेट तेज दबाव के कारण फट गई, जिससे पानी का तेज फव्वारा निकल पड़ा। इस दौरान टंकी का ऑपरेटर भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया, लेकिन उसने समय रहते खुद को संभाल लिया और उसकी जान बाल-बाल बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर पालिका की पानी की टंकी पर पाइपलाइन के लीकेज को ठीक करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अत्यधिक प्रेशर के कारण वाल्व (बॉल) की प्लेट अचानक फट गई। देखते ही देखते तेज रफ्तार से पानी बहने लगा और इंदिरा पार्क सहित मुख्य मार्ग के आसपास का क्षेत्र पानी से भर गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना के कारण नगर की पेयजल आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही। हालांकि नगर पालिका की टीम ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पाइपलाइन का वाल्व लीकेज हो गया था, जिसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है और जल्द ही नगर की जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते ऑपरेटर के संभल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button