utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

नई टिहरी: एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारी का वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को उप तहसील मदन नेगी एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही न बरतने तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उप तहसील मदन नेगी के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक मनोज नेगी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद एडीएम ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का निरीक्षण किया। उन्होंने वेलनेस सेंटर में बंद पड़ी मशीनों को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके। दवाओं का स्टॉक कम मिलने पर संबंधित अधिकारियों को समय रहते उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर के आसपास उगी झाड़ियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीएम ने उन्हें तत्काल हटाने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button