
जन एक्सप्रेस/ विकासनगर: हरेला लोकपर्व के अवसर पर सहसपुर क्षेत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं ‘ट्री वुमन’ के नाम से प्रसिद्ध लक्ष्मी अग्रवाल के नेतृत्व में विशाल वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘हरित उत्तराखंड-समृद्ध उत्तराखंड’ अभियान के तहत संचालित किया जा रहा है।
महागौरी शक्ति संगठन भगवानपुर के सहयोग से शुरू हुए इस अभियान में सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक हरियाली, जैव विविधता और औषधीय वनस्पतियों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समाज, विशेषकर मातृशक्ति, की महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में करीब एक लाख पौधों का रोपण और वितरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से वे देहरादून जनपद में वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए कार्य कर रही हैं और लोगों का लगातार सहयोग मिल रहा है। अब महागौरी शक्ति संगठन के साथ मिलकर इस अभियान का विस्तार पूरे जिले में किया जाएगा।
कार्यक्रम में कुसुम जुगरान, नेहा डिमरी, पुष्पा भट्ट, कुसुम रतूड़ी, सुशीला, सुमन चौहान, रेखा उनियाल, सविता, रामेश्वरी देवी, सुधा रावत, गुड्डी देवी, अनीता, मनीष शर्मा, कमला, सुखवंती देवी और सीमा रमोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
हरेला पर्व पर शुरू हुआ यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और महिलाओं की सहभागिता के माध्यम से हरित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






