UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में सीडीओ ने उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, मशरूम उत्पादन और पोस्ट हार्वेस्ट पर दिया जोर

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडबाल की अध्यक्षता में वर्ष 2026-27 के लिए उद्यान विभाग के अधीन संचालित विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित जनपद मिशन कमेटी (डीएमसी) एवं जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कृषकों हेतु औद्यानिक विकास योजना, आम फलपट्टी योजना, हर्बल गार्डेन योजना, पर ड्रॉप मोर क्रॉप (माइक्रो इरिगेशन), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तथा पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान तैयार की गई प्रस्तुति (पीपीटी) का अवलोकन किया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी सुने।

बैठक में सोनाली सब्बरवाल ने अपनी मशरूम उत्पादन इकाई के उत्पाद प्रस्तुत किए, जबकि ओमप्रकाश मौर्य ने अपने फार्म पर उत्पादित शहद का प्रदर्शन किया। इसके अलावा केला उत्पादक वेदप्रकाश मौर्य, अखिलेश मिश्रा, आम उत्पादक एवं निर्यातक सतीश कुमार सिंह, शारिब हुसैन खां, ड्रैगन फ्रूट उत्पादक विद्याधर गुप्ता, अशोक कुमार शुक्ला, मशरूम उत्पादक अजीत प्रताप सिंह तथा प्रमुख सब्जी उत्पादक जैनेन्द्र सिंह सहित कई किसानों ने बैठक में भाग लिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक मशरूम उत्पादन इकाइयों के प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को स्वीकृति के लिए भेजे जाएं, ताकि किसानों को इसका अधिक लाभ मिल सके।

बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सर्वसम्मति से उद्यान विभाग के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संचालन को मंजूरी प्रदान की।

बैठक में रियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अरविंद रंजन, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. ए.के. तिवारी, मंडी समिति सचिव मलखान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

रिपोर्ट :- बीजी मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button