utrakhandपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण, CMO ने दवाओं के रिकॉर्ड और मरीजों की सहमति पर दिए निर्देश

संवाददाता :- पंकज 

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :-  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने कृषि विज्ञान केंद्र गैना के समीप स्थित हिग्रास नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां तैनात कार्मिकों से उनके दायित्वों और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने दवाओं के रखरखाव और मरीजों को दी जा रही औषधियों के रिकॉर्ड को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को दवा देने से पहले उसकी जानकारी और सहमति से संबंधित कंसेंट फॉर्म अनिवार्य रूप से भरवाकर सुरक्षित रखा जाए। साथ ही प्रत्येक मरीज का माहवार रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से तैयार किया जाए, ताकि उपचार की पूरी जानकारी उपलब्ध रहे।
डॉ. चुफाल ने केंद्र में कार्यरत सभी कार्मिकों की शैक्षिक योग्यता से संबंधित अनिवार्य प्रमाण पत्रों की अलग फाइल तैयार कर सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
सीएमओ ने नारकोटिक्स दवाओं और अन्य एलोपैथिक दवाओं को अलग-अलग सुरक्षित रखने तथा उनके स्टॉक का व्यवस्थित रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए। केंद्र में संचालित सीसीटीवी कैमरों की मेमोरी क्षमता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने केंद्र संचालक को निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों की सुरक्षा, उपचार और दवाओं के प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की स्थिति जानने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ललित भट्ट, जिला औषधि निरीक्षक पंकज पंत समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button