हरदोई के जीनियस पब्लिक स्कूल में अग्नि सुरक्षा की मॉक ड्रिल, बच्चों ने सीखे आग बुझाने के तरीके

जिला संवाददाता : बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- जीनियस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरपालपुर में अग्नि सुरक्षा संयंत्रों की क्रियाशीलता परखने के लिए सवायजपुर फायर स्टेशन एवं विद्यालय कर्मियों के संयुक्त तत्वावधान में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान अग्निकांड की आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाने और विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया।
अग्नि सुरक्षा प्रभारी एवं प्रशिक्षक गौतम चौहान और नंदराम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों को आपात स्थिति में निर्भीक होकर आग से निपटने के तरीके बताए। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल तथा सावधानियों की जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
मॉक ड्रिल के दौरान दमकल वाहन की विद्यालय परिसर तक बाधारहित पहुंच का जायजा लिया गया। विद्यालय में स्थापित अग्नि सुरक्षा वॉटर पंप को तत्काल क्रियाशील करने के साथ ही एबीसी फायर सिलेंडर के इस्तेमाल का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने गैस सिलेंडर में लगी आग को निर्धारित आसान विधियों से बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया और पूरे अभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह, शिक्षक शिवेंद्र विक्रम सिंह, मनीष कुशवाहा, गौरव पांडेय एवं शिक्षिका दुर्गा पांडेय, सौम्या सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






